नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Fri, Apr 24, 2026 / Post views : 41

गोण्डा। यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में इस बार जिले की होनहार छात्रा कोमल वर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 92.80 प्रतिशत अंक हासिल कर जिला टॉप किया है। किसान इंटर कॉलेज, पिपरा इस्माइल की छात्रा कोमल ने कुल 500 में से 464 अंक प्राप्त कर यह उपलब्धि हासिल की। सीमित संसाधनों के बावजूद कड़ी मेहनत और लगन के दम पर मिली यह सफलता खास मानी जा रही है। वह करनपुर बभनान में अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही थीं। उनके पिता रामसागर वर्मा बभनान शुगर फैक्ट्री में निजी नौकरी करते हैं, जबकि माता सावित्री देवी गृहिणी हैं।

इससे पहले वर्ष 2024 की हाईस्कूल परीक्षा में भी कोमल जिले में सातवां स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दे चुकी हैं। निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन ने यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और मेहनत से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। अपनी सफलता का श्रेय कोमल ने अपने पिता, शिक्षकों और परिवार को दिया। उन्होंने विशेष रूप से अपनी बहन का उल्लेख किया, जिन्होंने हर कदम पर उनका साथ दिया और पढ़ाई में सहयोग किया। कोमल का सपना सिविल सेवा में जाकर आईएएस अधिकारी बनना है और वह आगे चलकर गोण्डा, बस्ती, उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश का नाम रोशन करना चाहती हैं।

इंटरमीडिएट परीक्षा में अन्य मेधावी छात्रों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिसमें आराधना सिंह ने दूसरा, अभिषेक तिवारी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। आस्था सोनी और ऋतिक शुक्ला संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर रहे, जबकि अंकित यादव ने पांचवां स्थान हासिल कर जिले का मान बढ़ाया। कोमल वर्मा की इस उपलब्धि से उनके विद्यालय, परिवार और पूरे जिले में खुशी का माहौल है तथा उनकी सफलता अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा बनकर उभरी है।
विज्ञापन
विज्ञापन