गोंडा : परसपुर में मां दुर्गा की शोभायात्रा रोकने पर हंगामा, विधायक अजय सिंह के हस्तक्षेप से शांतिपूर्ण विसर्जन


परसपुर, गोंडा: नगर पंचायत परसपुर के राजा टोला वार्ड नंबर 10 से शनिवार को मां दुर्गा की प्रतिमा की शोभायात्रा निकाली गई, जो कस्बे के बीच से होते हुए बेलसर मार्ग, बालपुर मार्ग, और ब्लॉक मुख्यालय होते हुए भौरीगंज मोड़ तक पहुंची। यहां से लोग शोभायात्रा को करनैलगंज मार्ग पर स्थित ब्रह्मदेव मंदिर तक ले जाने की मांग करने लगे, लेकिन पुलिस प्रशासन ने नए रूट का हवाला देकर यात्रा को कस्बे के बीच में रोक दिया। इससे लोगों में नाराजगी फैल गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।


लोग मां दुर्गा की प्रतिमा को आगे ले जाने की जिद पर अड़ गए और नारेबाजी करने लगे। इस दौरान करीब दो घंटे तक परसपुर-करनैलगंज मार्ग पर यातायात बाधित रहा। पुलिस प्रशासन के लिए स्थिति चुनौतीपूर्ण बन गई। तभी करनैलगंज विधायक अजय सिंह मौके पर पहुंचे और कमेटी के कार्यकर्ताओं से बातचीत की। लोगों ने परंपरागत मार्ग से शोभायात्रा निकालने की मांग रखी और पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी जताई।


विधायक अजय सिंह के हस्तक्षेप के बाद शोभायात्रा को ब्रह्मदेव मंदिर तक परंपरागत मार्ग से ले जाया गया। वहां से वापस होकर शोभायात्रा भौरीगंज घाट स्थित सरयू तट की ओर बढ़ी। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मां दुर्गा की प्रतिमा का सरयू तट पर शांतिपूर्ण ढंग से विसर्जन किया गया। इसके बाद पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली।
एसडीएम करनैलगंज भारत भार्गव और सीओ उमेश्वर प्रभात सिंह भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सौहार्दपूर्ण तरीके से विसर्जन कराने के निर्देश दिए। थानाध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि नियमों के उल्लंघन के कारण सुरक्षा की दृष्टि से शोभायात्रा को रोका गया था, लेकिन बाद में विधायक के हस्तक्षेप से मामला सुलझ गया और शोभायात्रा सफलतापूर्वक संपन्न हुई।