गोंडा : राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाई गई स्वामी विवेकानंद की जयंती
बेलसर (गोंडा) : रविवार को स्वामी विवेकानंद जी की जयंती ‘राष्ट्रीय युवा दिवस’ के रूप में स्वामी विवेकानंद डिजिटल लाइब्रेरी, बेलसर में मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद के जीवन और उनके आदर्शों को अपनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन से हुई।
लाइब्रेरी के शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने स्वामी विवेकानंद के जीवन मूल्यों और उनके विचारों की महत्ता पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि स्वामी जी का जीवन युवाओं को आत्मविश्वास, दृढ़ता और अपने लक्ष्यों के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। स्वामी विवेकानंद ने जीवन में कई कठिनाइयों का सामना किया, लेकिन वे कभी पीछे नहीं हटे। उनका मानना था कि “तुम्हारी जिंदगी का उद्देश्य केवल अपनी सफलता प्राप्त करना नहीं है, बल्कि समाज के कल्याण के लिए काम करना है।” उनके इसी दृष्टिकोण ने उन्हें न केवल भारत में, बल्कि पूरी दुनिया में एक प्रेरणास्त्रोत बना दिया।
स्वामी विवेकानंद डिजिटल लाइब्रेरी बेलसर गोंडा के संचालक सत्यम सिंह और अभय प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद के व्यक्तित्व को एक अद्भुत अनुभव के रूप में साझा करते हुए उनके विचारों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी के आदर्श हमें युवाओं को स्वप्न देखने और उन्हें साकार करने के लिए प्रेरित करते हैं।