GONDAउत्तरप्रदेशकरनैलगंज परसपुर
Trending

गोंडा : गोण्डा में हाईस्कूल व इंटर की प्री-बोर्ड परीक्षा कार्यक्रम में आंशिक संशोधन, 16 व 17 जनवरी की परीक्षाएं आगे बढ़ीं

गोण्डा। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय गोण्डा द्वारा हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट की प्री-बोर्ड परीक्षा 2025-26 के कार्यक्रम में आंशिक संशोधन जारी किया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राम चंद्र ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में पूर्व में जारी परीक्षा कार्यक्रम में सहायक अध्यापक प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी (पुरुष/महिला) प्रारम्भिक परीक्षा 2025 को ध्यान में रखते हुए यह परिवर्तन किया गया है। कार्यालय आदेश के अनुसार दिनांक 16 जनवरी 2026 एवं 17 जनवरी 2026 को प्रस्तावित प्री-बोर्ड परीक्षाएं अब क्रमशः 21 जनवरी 2026 एवं 22 जनवरी 2026 को आयोजित कराई जाएंगी, जबकि शेष परीक्षा कार्यक्रम पूर्ववत रहेगा। जारी कार्यक्रम के अनुसार हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट की प्री-बोर्ड परीक्षाएं प्रातः 10 बजे से अपराह्न 1:15 बजे तक आयोजित होंगी। समय सारिणी के अनुसार 12 जनवरी 2026 को हाईस्कूल में हिन्दी/प्रारम्भिक हिन्दी तथा इण्टरमीडिएट में हिन्दी/सामान्य हिन्दी की परीक्षा होगी। 13 जनवरी को हाईस्कूल में विज्ञान तथा इण्टरमीडिएट में भौतिक विज्ञान, नागरिक शास्त्र, लेख शास्त्र, व्यवसायिक वर्ग-1 एवं कृषि पेपर-1/6 की परीक्षा आयोजित की जाएगी। 15 जनवरी को हाईस्कूल में अंग्रेजी तथा इण्टरमीडिएट में अंग्रेजी की परीक्षा निर्धारित है। संशोधित कार्यक्रम के तहत 21 जनवरी 2026 को हाईस्कूल में गणित/गृह विज्ञान तथा इण्टरमीडिएट में गणित, जीव विज्ञान, व्यवसाय अध्ययन, भूगोल, व्यवसायिक वर्ग-2 एवं कृषि वर्ग-2/7 की परीक्षा कराई जाएगी। वहीं 22 जनवरी 2026 को हाईस्कूल में सामाजिक विज्ञान तथा इण्टरमीडिएट में रसायन विज्ञान, अर्थशास्त्र, व्यवसायिक वर्ग-3 एवं कृषि वर्ग-3/8 की परीक्षा आयोजित होगी। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 19 जनवरी को हाईस्कूल में वाणिज्य, कम्प्यूटर, संस्कृत, उर्दू, कृषि, पाली, अरबी, फारसी तथा इण्टरमीडिएट में इतिहास, व्यवसायिक वर्ग-4 एवं कृषि वर्ग-4/9 की परीक्षा होगी। 20 जनवरी को हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट दोनों कक्षाओं में चित्रकला एवं प्राविधिक कला की परीक्षाएं सम्पन्न कराई जाएंगी। जिला विद्यालय निरीक्षक ने स्पष्ट किया है कि हाईस्कूल के अन्य शेष विषयों की परीक्षाएं 21 जनवरी 2026 को प्रथम अथवा द्वितीय पाली में आयोजित कराई जाएंगी, वहीं इण्टरमीडिएट मानविकी वर्ग के शेष विषयों के साथ-साथ व्यवसायिक एवं कृषि वर्ग की शेष परीक्षाएं भी इसी दिन सम्पन्न कराई जाएंगी। जनपद के समस्त राजकीय, सहायता प्राप्त अशासकीय एवं मान्यता प्राप्त वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों को निर्देशित किया गया है कि प्री-बोर्ड परीक्षा का आयोजन संशोधित समय सारिणी के अनुसार ही सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए।

Related Articles

Back to top button