गोंडा : बीच शहर खड़ी मैजिक गाड़ी में मिली अज्ञात युवक की लाश, हत्या की आशंका


गोंडा। जिला अस्पताल के मुख्य गेट के सामने उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे खड़ी टाटा मैजिक गाड़ी के भीतर एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। शव गमछे से ढंका हुआ था और संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अस्पताल के सामने काफी देर से खड़ी मैजिक गाड़ी पर जब लोगों की नजर पड़ी तो भीतर शव होने की जानकारी हुई। सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और गाड़ी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मौके पर भारी संख्या में लोग जुट गए, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। पुलिस जांच में सामने आया है कि जिस टाटा मैजिक गाड़ी में शव मिला, वह कई जगह से टूटी हुई है। वाहन पर लगी नंबर प्लेट बाराबंकी जिले की बताई जा रही है, जिस पर मिट्टी का लेप लगा हुआ है। इन तथ्यों को देखते हुए मामले को संदिग्ध माना जा रहा है और हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ सिटी स्वयं मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। अस्पताल परिसर के सामने शव मिलने की घटना ने कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि सवाल यह है कि इतनी संवेदनशील जगह पर शव कैसे पहुंचा और किसी को इसकी भनक तक कैसे नहीं लगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।



