गोंडा : तेज रफ़्तार कार ने ले ली छात्र की जान, दो साथी गंभीर रूप से घायल

परसपुर / गोंडा / कर्नलगंज : भौरीगंज–चचरी टूलेन मार्ग पर गुरुवार को हुए भीषण हादसे में थाना कोतवाली कर्नलगंज क्षेत्र के गौरा सिंहपुर गांव निवासी 16 वर्षीय हाईस्कूल छात्र आकाश चौहान की मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर जा रहे दो साथी छात्र सुरेंद्र चौहान और लवकुश निषाद गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों छात्र शांति देवी कामता प्रसाद विद्यालय में कक्षा 10 के विद्यार्थी थे और परीक्षा केंद्र देखने के लिए बाइक से तुलसी स्मारक इंटर कॉलेज जा रहे थे। नारायनपुर साल के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज़ रफ़्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक के परखच्चे उड़ गए। गंभीर हालत में आकाश को एम्बुलेंस से परसपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं दोनों घायल छात्रों का उपचार स्थानीय निजी अस्पताल में जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही आकाश के परिवार में कोहराम मच गया। सीएचसी पहुंचे माता-पिता के करुण क्रंदन से हर किसी की आँखें नम हो गईं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा भरते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।




