GONDAउत्तरप्रदेशकरनैलगंज परसपुर
Trending

गोंडा : दिन-दहाड़े अवैध मिट्टी खनन, पुलिस–खनन विभाग की चुप्पी से माफिया बेखौफ

कटरा बाजार / गोंडा : शासन-प्रशासन के सख्त आदेशों को ठेंगा दिखाते हुए गोंडा जिले के थाना कटरा बाजार क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन का धंधा दिन-रात खुलेआम फल-फूल रहा है। लालपुर रोड से जुड़े इलाकों में दोपहर 12 बजे से लेकर रात तक लगातार खनन जारी है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंख मूंदे बैठे हैं। सूत्रों के मुताबिक, खनन माफिया बिना किसी भय के सड़कों पर मिट्टी से लदी भारी ट्रालियां फर्राटे भरते हुए दौड़ा रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि यह सब कुछ पुलिस और खनन विभाग की जानकारी में होने के बावजूद जानबूझकर अनदेखी की जा रही है, जिससे माफियाओं के हौसले और बुलंद हो गए हैं। अवैध खनन पर रोक लगाने के शासन के आदेश इस क्षेत्र में हवा-हवाई साबित हो रहे हैं। न तो कोई कार्रवाई हो रही है और न ही जांच के नाम पर कोई पहल, जिससे साफ संकेत मिल रहा है कि खनन माफियाओं को कहीं न कहीं संरक्षण प्राप्त है। इस पूरे मामले से जुड़ी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जो आमजन के बीच चर्चा का विषय बनी हुई हैं। वायरल दृश्य जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। अब देखना यह होगा कि लगातार सामने आ रहे सबूतों और जनआक्रोश के बाद पुलिस व खनन विभाग कब नींद से जागता है, या फिर अवैध खनन का यह खेल यूं ही चलता रहेगा।

Related Articles

Back to top button