गोंडा : 50 हजार के इनामिया अभियुक्त को एसटीएफ ने यमुनानगर से दबोचा

परसपुर / गोंडा : परसपुर थाना क्षेत्र से जुड़े 50 हजार रुपये के इनामिया अभियुक्त रितिक सिंह उर्फ बिल्लू को एसटीएफ ने हरियाणा के यमुनानगर से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत एसटीएफ की टीम कई दिनों से उसकी तलाश में जुटी थी। शुक्रवार को टीम ने यमुनानगर के शहर जगाधरी क्षेत्र स्थित पीके ब्रदर्स फैक्ट्री के पास से उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को रिमाण्ड हेतु न्यायालय भेज दिया गया। रितिक सिंह उर्फ बिल्लू परसपुर क्षेत्र में सक्रिय चोरी के गिरोह का सदस्य माना जाता है। पुलिस के मुताबिक वह अपने साथियों मलखान सिंह निवासी भया पुरवा मरचौर, जाकिर और उसका पुत्र रिजवान निवासी सरदारपुरवा डेहरास, शनि निवासी रामनेवाज पुरवा, योगेश निवासी भया पुरवा मरचौर और अंकित सिंह निवासी सरदारपुरवा डेहरास के साथ मिलकर कई चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। करीब पाँच–छह महीने पहले इस गिरोह ने धर्मनगर स्थित बीयर की दुकान में सेंध लगाकर चोरी की वारदात की थी। इसके अलावा लच्छन पुरवा डेहरास स्थित कम्पोजिट बीयर की दुकान में भी सेंधमारी कर चोरी की गई थी। इसके बाद रितिक अपने साथियों मलखान, शनि और रिजवान के साथ मोहना शराब की दुकान में चोरी की योजना बनाकर निकल रहा था, लेकिन पुलिस ने मौके से इन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसी मामले में रितिक पर भी कार्रवाई हुई थी, लेकिन वह फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में थी। जांच में पता चला कि वह हरियाणा के यमुनानगर जिले में किराए के मकान में छिपकर रह रहा है। एसटीएफ टीम ने वहाँ दबिश देकर 06 फरवरी को उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त रितिक सिंह उर्फ बिल्लू की उम्र लगभग 21 वर्ष है। वह परसपुर क्षेत्र के कालीसिंह पुरवा, मधईपुर खण्डेराय का रहने वाला है, जबकि वर्तमान में यमुनानगर के 124 राजा बाला वाग देवी भवन मंदिर के पीछे रह रहा था। गिरफ्तारी करने वाली एसटीएफ टीम में निरीक्षक ओमशंकर शुक्ला, उपनिरीक्षक प्रताप नारायण सिंह, हे.का. दिलीप कुमार, हे.का. कुलदीप सिंह, हे.कां. शिवभोला, हे.कां. गिरजाशंकर यादव और हे.कां. चालक सुरेश सिंह शामिल रहे।



