GONDAउत्तरप्रदेशकरनैलगंज परसपुर
Trending

गोंडा : डुड़ही गांव का पोलिंग सेंटर बदले जाने पर भड़के ग्रामीण, कटरा बाजार में किया प्रदर्शन


कटरा बाजार, गोंडा। विधानसभा निर्वाचन से पहले पोलिंग बूथों के पुनर्गठन को लेकर कटरा बाजार क्षेत्र में विरोध तेज हो गया है। ग्राम पंचायत डुड़ही के पोलिंग सेंटर में बदलाव की प्रक्रिया से नाराज़ ग्रामीणों ने कटरा बाजार में प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया। मामला हलधरमऊ विकासखंड के डुड़ही ग्राम पंचायत अंतर्गत बेचई पुरवा पोलिंग बूथ से जुड़ा है, जहाँ पिछले लगभग 20 वर्षों से विधानसभा, लोकसभा एवं ग्राम पंचायत चुनावों का मतदान नियमित रूप से होता आया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह बूथ मुख्य सड़क पर स्थित है और ग्राम पंचायत डुड़ही के सभी सातों गांवों के लिए सबसे सुगम व निकटतम स्थान है। ग्रामीणों का आरोप है कि बेचई पुरवा बूथ को हटाकर डुड़ही गांव के अंदर जिस स्थान पर ले जाने की तैयारी है, वहाँ रास्ता अत्यंत संकरा है और चार पहिया वाहनों का आवागमन तक संभव नहीं है, जिससे मतदान दिवस पर गंभीर अव्यवस्था उत्पन्न हो सकती है। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने कहा कि पोलिंग सेंटर बदलने का निर्णय बिना किसी पूर्व सूचना, सर्वेक्षण या स्थानीय जनसुविधा को ध्यान में रखे बिना लिया गया है, जो व्यापक जनहित के विरुद्ध है। ग्रामीणों ने मांग की कि मौजूदा पोलिंग बूथ को ही यथावत रखा जाए, ताकि मतदान शांतिपूर्वक, सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से संपन्न हो सके। चेतावनी देते हुए ग्रामीणों ने कहा कि यदि शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो वे ब्लॉक मुख्यालय से लेकर तहसील और जिला स्तर तक आंदोलन को और तेज करेंगे। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button