गोंडा : तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से दो लोग गंभीर रूप से घायल

परसपुर (गोंडा)। परसपुर–करनैलगंज मार्ग पर दूबे पुरवा बलमत्थर ब्रहमचारी के निकट एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार ग्राम मरौचा मिश्ररी सिंह थाना रामनगर जनपद बाराबंकी निवासी पुनीत दीक्षित अपने फूफा राम प्रसाद पुत्र वेद नाथ मिश्र निवासी रहठा थाना रामनगर बाराबंकी के साथ मोटरसाइकिल संख्या UP 41 AX 5845 से अयोध्या जा रहे थे। तभी सुबह करीब 8 बजे दूबे पुरवा के पास सामने से आ रहे अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पुनीत दीक्षित और उनके फूफा दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए तथा मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई। घायलों को तत्काल उपचार हेतु अस्पताल ले जाया गया, जहाँ पुनीत दीक्षित का इलाज धनवंतरी अस्पताल में और उनके फूफा का इलाज लखनऊ के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में चल रहा है। इस संबंध में परसपुर थानाध्यक्ष अनुज त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।


