गोंडा : पंखे का प्लग लगाते समय करंट से इंटर के छात्र की मौत, गांव में शोक की लहर

परसपुर (गोंडा)। थाना क्षेत्र के ग्राम चंदापुर गुरेटी में सोमवार बीती रात एक दर्दनाक हादसे में 17 वर्षीय सूरज जायसवाल पुत्र विनोद जायसवाल की करंट लगने से मौत हो गई। वह इंटरमीडिएट का छात्र था। यह घटना उस समय हुई जब वह अपने कमरे में पंखे का प्लग बोर्ड में लगा रहा था। जानकारी के अनुसार विनोद जायसवाल के बड़े बेटे सूरज अचानक बिजली की चपेट में आ गया और मौके पर ही बेसुध होकर गिर पड़ा। परिजन तुरंत उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसपुर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर घर में कोहराम मच गया। उसकी आकस्मिक मौत से परिवार पर दुःख का पहाड़ टूट पड़ा है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है और पिता सदमे में हैं। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। सभी ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। सूरज अपने परिवार का सबसे जिम्मेदार सदस्य था और आगे चलकर शिक्षक बनने का सपना देख रहा था। उसकी असमय मृत्यु ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है। इस संबंध में परसपुर थाना प्रभारी निरीक्षक हेमंत कुमार गौड़ ने बताया कि घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं है ।