गोंडा : पसका त्रिमुहानी घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब, स्नान-दान के साथ की पूजा
परसपुर (गोंडा)। मौनी अमावस्या पर बुधवार को सरयू तट पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। ठंड और घने कोहरे के बावजूद हजारों श्रद्धालुओं ने पसका त्रिमुहानी घाट पर पुण्य स्नान किया। नदी में खड़े होकर सूर्यदेव को अर्घ्य दिया और मंदिरों में पूजन-अर्चन कर दान-पुण्य किया।
भारी संख्या में श्रद्धालु अलसुबह ही सरयू तट पर पहुंचने लगे। करीब एक लाख श्रद्धालुओं ने स्नान कर पुण्य अर्जित किया। स्नान-दान का क्रम दोपहर तक चलता रहा। घाटों पर गऊदान और भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें ब्राह्मणों सहित अन्य श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
स्नान के बाद श्रद्धालु भगवान वाराह मंदिर और गुरु नरहरिदास जी के आश्रम पहुंचे और मत्था टेका। घाटों पर भगवान सत्यनारायण की कथा का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस दौरान पसका त्रिमुहानी घाट पर लगे मेले में खूब चहल-पहल रही। लोगों ने विभिन्न दुकानों से खरीदारी की और बच्चों ने झूले व खिलौनों का आनंद लिया।
पसका त्रिमुहानी घाट के अलावा भौरीगंज, जंबू तीर्थ और बरुहा के सरयू घाटों पर भी श्रद्धालुओं ने स्नान-दान किया। आस्था के इस पर्व पर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा।