गोंडा : ओमप्रकाश सिंह हत्याकांड: पुलिस ने दो आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान दबोचा
मुठभेड़ के दौरान दोनों हत्यारोपियों के पैर में लगी गोली
हत्या का आरोपी रोहित सिंह
परसपुर (गोंडा) : नगर पंचायत परसपुर राजा टोला के सपा कार्यकर्ता ओमप्रकाश सिंह की हत्या के मामले में शामिल दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार देर रात आरोपी रोहित सिंह निवासी बलगर पुरवा नंदौर को पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में रोहित सिंह के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके पास से पुलिस ने 315 बोर का अवैध तमंचा, खोखा , मिस कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है । वहीं, मंगलवार की रात डेहरास मार्ग के चरहुंआ मोड़ पर मुख्य आरोपी उदयभान सिंह उर्फ लल्लन सिंह को मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगी और उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।
राजनीतिक रंजिश बनी हत्या का कारण
राजा टोला निवासी सपा कार्यकर्ता ओमप्रकाश सिंह की हत्या के पीछे चुनावी रंजिश का मामला बताया जा रहा है। ओमप्रकाश सिंह की पत्नी नीलम सिंह ने परसपुर थाने पर पुलिस को तहरीर देकर उदयभान सिंह, उसके तीन पुत्र धर्मवीर सिंह उर्फ चंदन सिंह , बलवीर सिंह उर्फ नंदन, सूरज सिंह और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस की कार्रवाई और राजनीतिक दबाव
हत्या के बाद से ही आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर राजनीतिक दलों का पुलिस पर दबाव बढ़ गया था। इस दबाव के चलते पुलिस ने आरोपी धर्मवीर सिंह को रविवार को गिरफ्तार कर लिया।
मुख्य आरोपी उदयभान सिंह के घर की बाउंड्रीवाल को भी पुलिस ने मंगलवार को तोड़कर ध्वस्त कर दिया और वहां से दो ट्रैक्टर, दो बाइक और दो मवेशियों को थाने ले आई। मवेशियों को ग्रामीणों के सुपुर्द कर दिया गया है।
वहीं रविवार की रात परसपुर-भौरीगंज मार्ग पर पुलिस और एसओजी की टीम ने घेराबंदी कर रोहित सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान रोहित के बाएं पैर में गोली लगी थी। वहीं, मुख्य आरोपी उदयभान सिंह उर्फ लल्लन को मंगलवार की रात चरहुंआ मोड़ पर नहर पुलिया के पास मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया। उसके पास से बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद हुआ है।