गोंडा : नीलामी की जमीन के विवाद में दबंगों का हमला, तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल

परसपुर, गोंडा : नीलामी की जमीन को लेकर हुए विवाद में दबंगों ने महिलाओं पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना परसपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रनियापुर मधईपुर की है। मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे चार लोगों ने लाठी-डंडा, लोहे की रॉड और धारदार हथियारों से लैस होकर हमला किया। आरोपियों ने पहले नीलामी की जमीन पर खड़ा धान काटा और फिर पीड़ित परिवार के घर में घुसकर मारपीट की।
गांव की अनीता देवी ने बताया कि डेढ़ वर्ष पूर्व उन्होंने अपने गांव की नीलामी में एक जमीन खरीदी थी। तभी से आरोपित लगातार जमीन वापस लेने की धमकियां दे रहे थे। इसी क्रम में मंगलवार को चार लोगों ने उनके घर पर हमला कर दिया। जब अनीता देवी ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। शोर सुनकर बचाव के लिए आईं उनकी जेठानी केतकी देवी और परिवार की सदस्य दीपशिखा पर भी हमला हुआ, जिससे वे भी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घायल महिलाओं को तत्काल सीएचसी परसपुर पहुंचाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। अनीता और केतकी देवी की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
परसपुर थानाध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि पीड़िता अनीता देवी की शिकायत पर आरोपियों सुभाष चन्द्र, दुर्गा प्रसाद, शिवम और अनिल निवासी ग्राम विशेश्वरगंज, जनपद बहराइच के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।