गोंडा : राजा टोला वार्ड में मारपीट का मुख्य आरोपित तूफान सिंह गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

परसपुर (गोंडा) : नगर पंचायत परसपुर में बीते 22 सितंबर को हुई मारपीट की घटना में पुलिस ने मुख्य आरोपित तूफान उर्फ अजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के समय वार्ड नंबर 8 निवासी विशाल सिंह ब्रह्मदेव स्थान से लौट रहे थे। बाजार में कुछ लोगों ने उनकी घेराबंदी कर उन पर हमला कर दिया और बुरी तरह से पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
इस मामले में विशाल सिंह के पिता प्रेम सिंह ने परसपुर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि चरौंहा के परसन पुरवा निवासी तूफान सिंह, सोनू सिंह, लालजी और एक अज्ञात व्यक्ति समेत चार लोगों ने इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू की और मुख्य आरोपित तूफान सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
परसपुर थानाध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि तूफान सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी पकड़ा जाएगा।