गोंडा : तुलसी स्मारक इंटर कॉलेज में जवाहर नवोदय प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न



परसपुर ( गोंडा ) : परसपुर कस्बा स्थित तुलसी स्मारक इंटर कॉलेज को कक्षा 6 के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा का केंद्र बनाया गया था। शनिवार को आयोजित इस परीक्षा में कुल पंजीकृत 191 छात्र-छात्राओं में से 134 परीक्षार्थियों ने भाग लिया, जबकि 57 छात्र-छात्राएं अनुपस्थित रहे। परीक्षा का आयोजन निर्धारित समय के अनुसार सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक किया गया।



परीक्षा के दौरान विद्यालय परिसर में अनुशासन एवं सुरक्षा की समुचित व्यवस्था रही, जिससे परीक्षा बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो सकी। बच्चों के बैठने, पहचान पत्र जांच और निगरानी की उचित व्यवस्था की गई थी। अभिभावक भी समय से बच्चों को परीक्षा केंद्र पर लेकर पहुंचे, जिससे प्रवेश प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी हुई।


विद्यालय के शिक्षक राकेश सिंह बाबू ने बताया कि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, नकलविहीन और नियमानुसार संपन्न कराई गई। वहीं विद्यालय के प्राचार्य भानु प्रताप सिंह ने बताया कि परीक्षा के दौरान सभी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन किया गया और सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की गई, जिससे पारदर्शिता बनी रही। उन्होंने सफल आयोजन में सहयोग करने वाले समस्त शिक्षक एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर विद्यालय प्रशासन, शिक्षक एवं कर्मचारी वर्ग ने संतोष व्यक्त किया और परीक्षार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। परीक्षा के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य भानु प्रताप सिंह सहित सभी विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।



