गोंडा : गोंडा CMO रश्मि वर्मा हटाईं गईं, डॉ. संतलाल पटेल नए CMO नियुक्त


पद से हटाई गई गोंडा की मुख्य चिकित्सा अधिकारी सीएमओ रश्मि वर्मा

नवीन तैनाती सीएमओ गोंडा डॉ. संतलाल पटेल

*डॉ. संतलाल पटेल गोंडा के नए मुख्य चिकित्सा अधिकारी*
परसपुर (गोंडा) : स्वास्थ्य सेवाओं में अनियमितताओं और विवादित टिप्पणी के चलते सुर्खियों में रहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. रश्मि वर्मा को आखिरकार पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह प्रादेशिक स्वास्थ्य सेवा संवर्ग के संयुक्त निदेशक ग्रेड अधिकारी डॉ. संतलाल पटेल को नया CMO नियुक्त किया गया है। बताया जाता है कि जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं की खरीद-फरोख्त, अस्पतालों के निरीक्षण में लापरवाही और लगातार मिल रही शिकायतों को लेकर विभाग उनकी कार्यशैली से असंतुष्ट था। वहीं हाल ही में एक अवैध अस्पताल में नवजात की मौत के बाद वायरल हुए वीडियो में “एक बच्चा मर गया तो क्या हुआ, हजारों जिंदा हैं, लड्डू खाने जाओ…” जैसे कथित बयान ने परिजनों और सामाजिक संगठनों का गुस्सा बढ़ा दिया था। लगातार विरोध के बाद उन्होंने माफी भी मांगी थी, लेकिन मामला शांत नहीं हुआ। स्वास्थ्य विभाग की सचिव रितु माहेश्वरी ने आदेश जारी कर उन्हें चिकित्सा-स्वास्थ्य महानिदेशालय, लखनऊ में संयुक्त निदेशक कार्यालय से संबद्ध कर दिया है। इधर, नए CMO से लोगों को उम्मीदें बढ़ गई हैं। स्वास्थ्य कर्मियों का कहना है कि अब जिले में मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और अस्पतालों की व्यवस्था में पारदर्शिता आने की संभावना है।


