GONDAउत्तरप्रदेशकरनैलगंज परसपुर
Trending

गोंडा : शादी से इनकार और धमकियों से परेशान युवक ने खुद को आग लगाई, इलाज के दौरान मौत

परसपुर, गोंडा : परसपुर थाना क्षेत्र के ग्राम धोबही, मौजा गजसिंहपुर में एक युवक ने शादी से इनकार और लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर आत्मदाह कर लिया। लगभग डेढ़ महीने तक मौत से जूझने के बाद उसकी अस्पताल में मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम अल्लीपुर खांडेराय बनुआ निवासी सुरेश सिंह के बेटे शिवम सिंह (20) की शादी की बातचीत धोबही निवासी राम सिंह की पुत्री काजल से चल रही थी। दोनों के बीच फोन पर बातचीत भी होती थी, लेकिन बाद में राम सिंह ने इस रिश्ते से इनकार कर दिया। आरोप है कि इसके बाद शिव बहादुर सिंह पुत्र राम सहाय सिंह, कमलेश सिंह पुत्र राम सहाय सिंह, हरि बहादुर सिंह पुत्र कमलेश सिंह और राम सिंह पुत्र राम सहाय सिंह ने शिवम सिंह को धमकाना शुरू कर दिया। उसे और उसके परिवार को बर्बाद करने की धमकियां दी जाने लगीं, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा। उसने कई बार अपने पिता से अपनी पीड़ा साझा की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। आखिरकार, लगातार प्रताड़ना से तंग आकर 30 दिसंबर 2024 को दोपहर करीब 11 बजे उसने आरोपियों के घर के सामने खुद पर तेल डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे शिवम को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां वह करीब डेढ़ महीने तक जिंदगी और मौत के बीच जूझता रहा। इलाज के दौरान 18 फरवरी 2025 मंगलवार की शाम को करीब 4:30 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसपुर में उसकी मौत हो गई। इस संबंध में परसपुर प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह ने बताया कि मृतक के पिता सुरेश सिंह पुत्र ठाकुर प्रसाद सिंह की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button