GONDAउत्तरप्रदेशकरनैलगंज परसपुर
Trending

गोंडा : भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप पार्टी से निष्कासित, वायरल वीडियो बना वजह


गोंडा। भारतीय जनता पार्टी ने गोंडा के जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। बीते मई माह में सोशल मीडिया पर एक महिला कार्यकर्ता के साथ उनकी अश्लील हरकत का वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। पार्टी के प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला द्वारा बुधवार को जारी पत्र में कहा गया कि अमर किशोर कश्यप द्वारा प्रस्तुत स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि उनका आचरण घोर अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है, जिसे पार्टी ने गंभीरता से लिया है। प्रदेश अध्यक्ष के निर्देशानुसार उन्हें तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो 12 अप्रैल 2025 का है, जो पार्टी कार्यालय के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुआ था। वीडियो के अनुसार रात करीब 9:34 बजे अमर किशोर कश्यप अपनी कार से पार्टी कार्यालय पहुंचे थे। वहां मौजूद एक युवक से कुछ देर बातचीत के बाद उन्होंने कार का दरवाजा खोला, जिसमें से एक महिला उतरी और तेजी से कार्यालय की ओर बढ़ी। उसी दौरान सीढ़ियों पर जिलाध्यक्ष द्वारा महिला कार्यकर्ता के साथ की गई हरकतें कैमरे में कैद हो गईं, जो बाद में वायरल हो गईं। इस वीडियो के सामने आने के बाद पार्टी संगठन में हलचल मच गई थी। वीडियो वायरल होने के बाद संबंधित महिला कार्यकर्ता ने छपिया थाने में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। उसका कहना था कि वीडियो को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है और यह पूरी घटना एक राजनीतिक साजिश है। महिला ने अमर किशोर कश्यप को अपने लिए “बड़े भाई समान” बताते हुए किसी भी तरह के अनुचित संबंध से इनकार किया था। हालांकि पार्टी नेतृत्व ने मामले की जांच और स्पष्टीकरण के बाद कार्रवाई करते हुए अमर किशोर कश्यप को बाहर का रास्ता दिखा दिया है।

Related Articles

Back to top button