गोंडा : लाल बहादुर शास्त्री कृषि विज्ञान केंद्र गोण्डा में पीएम-किसान उत्सव दिवस पर किसानों ने देखा 21वीं किस्त का लाइव प्रसारण


परसपुर/गोण्डा। दीनदयाल शोध संस्थान, लाल बहादुर शास्त्री कृषि विज्ञान केंद्र गोण्डा में कृषि विभाग के तत्त्वावधान में पीएम-किसान उत्सव दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 180 किसानों ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 21वीं किस्त के लाइव प्रसारण को देखा और उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। लाइव प्रसारण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोयंबटूर, तमिलनाडु से देशभर के किसानों को संबोधित करते हुए योजना की 21वीं किस्त के तहत 18 हजार करोड़ रुपये की राशि सीधे किसानों के खातों में हस्तांतरित की। उन्होंने तकनीक आधारित खेती, प्राकृतिक कृषि, जल संरक्षण और मिलेट्स के प्रसार पर विशेष जोर देते हुए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग के विशेषज्ञों ने किसानों को विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया।

अपर कृषि निदेशक डॉ. प्रेम कुमार ठाकुर ने आधुनिक कृषि तकनीकों से जुड़ने तथा सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ लेने की सलाह दी। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक इंजीनियर मिथलेश कुमार झा ने कृषि यंत्रों और सटीक खेती की तकनीकों पर जानकारी दी। डॉ. आशीष पांडेय ने फसल प्रबंधन और मौसम आधारित खेती के महत्व पर प्रकाश डाला। डॉ. अभिषेक मिश्रा ने पशुपालन, रोग नियंत्रण और पशु पोषण पर उपयोगी सुझाव दिए।

डॉ. सुधांशु ने किसानों को नई सरकारी कृषि योजनाओं के लाभ से अवगत कराया। बीज उत्पादन तकनीक पर श्री हरिपाल सिंह ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की, जबकि श्रीमती शशि बाला सिंह ने श्री अन्न (मिलेट्स) के पोषण महत्व और बाजार मांग पर प्रकाश डाला। वरिष्ठ कृषि प्रसार अधिकारी डॉ. शिव शंकर चौधरी ने वैज्ञानिक खेती, जैविक उत्पादन और तकनीकी नवाचारों से किसानों को परिचित कराया। सहायक निदेशक मत्स्य इंद्रजीत सिंह ने मत्स्य पालन की उन्नत तकनीकों पर मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम का संचालन परसपुर सहायक विकास अधिकारी कृषि डॉ. अनूप सिंह ने किया। इस अवसर पर सीबीओ से स्नेहा पांडेय, श्री पुष्पेंद्र सिंह राणा और श्री नितेश दुबे उपस्थित रहे, जबकि कृषि विज्ञान केंद्र से राहुल शुक्ला, छोटेलाल शुक्ला, भगत राम, प्रभु सहित अन्य कार्मिक भी मौजूद रहे।


