गोंडा : यूजीसी बिल पर न्यायालय की रोक से टला बड़ा संकट: बृजभूषण शरण सिंह


गोंडा। कैसरगंज से पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने यूजीसी बिल के नए कानून पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा लगाई गई रोक को उचित बताते हुए कहा कि यह फैसला समय की मांग था और इससे देश में बनने वाली तनावपूर्ण स्थिति पर विराम लगा है। उन्होंने कहा कि न्यायालय के हस्तक्षेप से हालात संभले हैं और एक बड़ी परेशानी टल गई है। पूर्व सांसद ने कहा कि यदि यह कानून लागू हो जाता तो देशभर में असंतोष फैल सकता था और व्यापक विरोध की स्थिति बनती, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह सरकार की होती।


उन्होंने बताया कि इस बिल को लेकर उन्होंने पहले ही अपनी आपत्ति दर्ज कराई थी और यह भी स्पष्ट किया था कि आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि किसी भी कानून को लागू करने से पहले उसके सामाजिक प्रभाव और जमीनी सच्चाई को समझना बेहद जरूरी है, केवल फाइलों के आधार पर निर्णय लेना सही नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के प्रावधानों से देश का माहौल प्रभावित हो रहा था, जबकि वर्तमान समय में जरूरत सकारात्मक सोच और आपसी सद्भाव बढ़ाने की है। पूर्व सांसद ने समाज के पिछड़े और अनुसूचित वर्ग से इस विषय पर जागरूक रहने और अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर आगे आने की अपील की।


