GONDAउत्तरप्रदेशकरनैलगंज परसपुर
Trending

गोंडा : महिला आयोग की सदस्य एकता सिंह के औचक निरीक्षण में खुली सीएचसी कर्नलगंज की पोल

महिला आयोग की सदस्य एकता सिंह के औचक निरीक्षण में खुली सीएचसी कर्नलगंज की पोल

अस्पताल के विभिन्न वार्डों में गंदगी मिलने पर जताई गहरी नाराज़गी

ड्यूटी पर अनुपस्थित रहने वाले डॉक्टरों और स्टाफ को भी सख्त हिदायत,भविष्य में ऐसी लापरवाही न दोहराने के निर्देश

कर्नलगंज, गोण्डा। महिला उत्पीड़न की रोकथाम और पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से राज्य महिला आयोग की सदस्य एकता सिंह ने बुधवार को सीएचसी कर्नलगंज का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई स्टाफ कर्मी गैरहाजिर पाए गए, वहीं अस्पताल परिसर में जगह-जगह गंदगी भी देखने को मिली। वहीं अस्पताल की अव्यवस्थाएं सामने आने पर उन्होंने कड़ा रुख अपनाया और जिम्मेदारों को जमकर फटकार लगाई। अस्पताल के विभिन्न वार्डों में गंदगी मिलने पर महिला आयोग की सदस्य ने गहरी नाराज़गी जताई। साफ-सफाई में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों को मौके पर ही कड़ी चेतावनी दी गई। ड्यूटी पर समय से अनुपस्थित रहने वाले डॉक्टरों और स्टाफ को भी सख्त हिदायत देते हुए भविष्य में ऐसी लापरवाही न दोहराने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान एकता सिंह ने मरीजों और उनके तीमारदारों से सीधे संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत जानी। इस दौरान मरीजों ने अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्थाओं, उपचार में देरी और संसाधनों की कमी को लेकर अपनी शिकायतें खुलकर रखीं। महिला आयोग की सदस्य ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल प्रशासन को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। एकता सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं और स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सुधार नहीं हुआ तो संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। औचक निरीक्षण के बाद सीएचसी प्रशासन में हड़कंप मच गया और सुधार कार्यों को लेकर अफरा-तफरी का माहौल देखा गया।

Related Articles

Back to top button