गोंडा : दिल्ली में रहकर UPSC की तैयारी कर रहे युवक ने बड़े भाई की हत्या की, पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा


मृतक की फाइल फोटो

कर्नलगंज ( गोंडा ) : थाना कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र के दुल्हिन पुरवा गांव में हुए दिल दहला देने वाले हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस वारदात का आरोपी कोई बाहरी नहीं, बल्कि मृतक का सगा छोटा भाई अमरनाथ दुबे ही निकला। आरोपी UPSC की तैयारी कर रहा था और अपने बड़े भाई शिवशंकर दुबे से पैसों को लेकर चल रहे विवाद के चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया। मृतक शिवशंकर (32) उर्फ लल्ला दुबे दुल्हिन पुरवा गांव के रहने वाले थे। उनके परिवार में पिता देवी दयाल, मां सुनीता, पत्नी नीतू, बेटे सौरभ (11), शिवांश (9), बेटी लक्ष्मी (7) और कुल 6 भाई शामिल हैं।

अमरनाथ को पढ़ाई के दौरान अक्सर पैसों की जरूरत पड़ती थी, लेकिन उसे शक था कि उसका भाई जानबूझकर उसे पर्याप्त धन नहीं दे रहा है। समय के साथ यह विवाद गहरी रंजिश में बदल गया, जिसने उसे अपराध की राह पर धकेल दिया। 3 फरवरी की देर रात वह शिवशंकर को खेत में पानी लगाने के बहाने घर से बाहर ले गया। सुनसान स्थान पर पहुंचते ही उसने शिवशंकर की आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर चाकू से लगातार 17 वार कर निर्ममता से हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने भाई की जेब से 31,500 रुपये निकाले और रकम को खेत की मेड़ में मिट्टी के नीचे दबा दिया।अपने ऊपर से शक हटाने के लिए अमरनाथ ने खुद को भी घायल किया और गांव में शोर मचाकर बताया कि शिवशंकर की हत्या अज्ञात हमलावरों ने की है। कई ग्रामीणों पर लूट और हत्या के झूठे आरोप लगाकर उसने खुद को पीड़ित दिखाने की कोशिश की, लेकिन उसके बदलते बयानों ने पुलिस का ध्यान उसकी ओर खींच लिया।
पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रेंस की तो पता चला कि घटना स्थल पर केवल अमरनाथ और शिवशंकर के ही मोबाइल सक्रिय थे। तकनीकी जांच और कड़ी पूछताछ के दबाव में आखिरकार अमरनाथ टूट गया और उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू और खून लगे 31,500 रुपये बरामद कर लिए।आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 315 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने विशेष टीम गठित कर जांच तेज कर दी थी। पुलिस की मेहनत रंग लाई और पूरा घटनाक्रम उजागर हो गया। इलाके में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है। ग्रामीण हैरान हैं कि UPSC का सपना देखने वाला युवक चंद पैसों की लालच और जलन के कारण अपने ही घर का दुश्मन बन बैठा। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या हत्या की साजिश में किसी और की भी भूमिका थी या अमरनाथ ने इसे अकेले ही अंजाम दिया।



