गोंडा : एसडीएम नेहा मिश्रा की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित परिवार को मिला नया राशन कार्ड


कर्नलगंज (गोंडा)। तहसील क्षेत्र के पाण्डेयचौरा गांव में राशन कार्ड सूची से एक परिवार का नाम हटाए जाने की शिकायत पर एसडीएम कर्नलगंज नेहा मिश्रा ने त्वरित संज्ञान लेते हुए मामले का तुरंत समाधान कर दिया। निरीक्षण के दौरान शिकायत सही पाए जाने पर एसडीएम ने आपूर्ति विभाग एवं कोटेदार को स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन सदस्यों के आधार कार्ड उपलब्ध हैं, उनके नाम तत्काल सूची में पुनः जोड़ दिए जाएं। प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए महज एक सप्ताह के भीतर पूरे परिवार का नाम दोबारा सूची में दर्ज करा दिया और नया राशन कार्ड तैयार कर परिजनों को उपलब्ध करा दिया।

समाधान मिलते ही परिवार ने राहत की सांस ली और एसडीएम की सक्रियता की सराहना की। ग्रामीणों ने भी कहा कि उनकी संवेदनशीलता व त्वरित कार्रवाई से जरूरतमंदों को न्याय व राहत मिल रही है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने राशन वितरण व्यवस्था की विस्तृत जांच की और निर्देश दिया कि किसी भी योग्य परिवार का नाम अनावश्यक रूप से सूची से न हटाया जाए तथा शिकायत प्राप्त होते ही तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

एसडीएम नेहा मिश्रा ने बताया कि 13 नवंबर को निरीक्षण के दौरान शिकायत सही पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई कर परिवार को लाभ दिया गया है, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ निरंतर मिलता रहे। प्रशासन की इस तत्परता व संवेदनशील कार्यशैली से ग्रामीणों में भरोसा और मजबूत हुआ है।


