GONDAउत्तरप्रदेशकरनैलगंज परसपुर
Trending

गोंडा : परसपुर-कर्नलगंज-हुजूरपुर मार्ग 143 करोड़ की लागत से होगा चौड़ा, 45 जर्जर सड़कों की भी होगी मरम्मत

परसपुर (गोंडा ) : जिला मुख्यालय से अयोध्या और बहराइच के बीच आवागमन को सुगम बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए शासन ने परसपुर-कर्नलगंज-हुजूरपुर मार्ग के चौड़ीकरण को मंजूरी दे दी है। करीब एक अरब 43 करोड़ 72 लाख रुपये की लागत से इस मार्ग को 7 मीटर से बढ़ाकर 10 मीटर चौड़ा बनाया जाएगा, जिससे इस पूरे क्षेत्र के यात्रियों को राहत मिलेगी। इसी के साथ जिले की 45 जर्जर सड़कों की विशेष मरम्मत के लिए लगभग 7 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। जानकारी के अनुसार नवाबगंज-बेलसर-कर्नलगंज मार्ग के प्रथम चरण में चौड़ीकरण कार्य पहले से जारी है, जबकि दूसरे चरण में परसपुर-कर्नलगंज-हुजूरपुर मार्ग का 37.20 किलोमीटर हिस्सा चौड़ा किया जाएगा। शासन ने इसके लिए 21 करोड़ 55 लाख रुपये की पहली किश्त जारी कर दी है। सड़क चौड़ीकरण के तहत वर्तमान 7 मीटर चौड़ाई को 10 मीटर किया जाएगा, जिसमें दोनों ओर 1.5-1.5 मीटर का विस्तार शामिल है। कुल लंबाई 37 किलोमीटर 200 मीटर होगी। वहीं जिले की जिन 45 सड़कों की मरम्मत होगी, उनमें मेहनौन, कर्नलगंज, तरबगंज, मनकापुर, गौरा, मसकनवां सहित विभिन्न ब्लॉकों की प्रमुख ग्रामीण संपर्क सड़कों को शामिल किया गया है। दूल्हापुर–बालपुर मार्ग, ख्वाजाजोत–बेलहीपुरवा मार्ग, चकरौत–पंडितपुरवा–पीएचसी गुरसड़ीडीह मार्ग, मिश्रनपुरवा–बबुरास मार्ग, गेड़सर घाट संपर्क मार्ग, पिपरा बाजार–रमवापुर गोविंदा मार्ग जैसी कई सड़कों पर विशेष मरम्मत कार्य होगा। कुल 7 करोड़ रुपये की लागत में से 3 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं। शेष धनराशि कार्य की प्रगति के अनुसार प्रदान की जाएगी। अधीक्षण अभियंता योगेंद्र सिंह ने बताया कि परसपुर-कर्नलगंज-हुजूरपुर मार्ग का चौड़ीकरण जल्द शुरू किया जाएगा तथा 45 जर्जर सड़कों की मरम्मत के आदेश संबंधित अधिशासी अभियंताओं को दे दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button