गोंडा : ई-रिक्शा की टक्कर के बाद मारपीट, गाली-गलौज, किशोर घायल, वाहन क्षतिग्रस्त, मुकदमा दर्ज

परसपुर (गोंडा) : परसपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मलांव स्थित लाला बगिया के पास 23 सितंबर 2025 की शाम लगभग 6:30 बजे ई-रिक्शा की टक्कर के बाद दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट और गाली-गलौज तक पहुँच गया। ग्राम हट्टी चौहान पुरवा मलांव निवासी रिंकू पुत्र शुकई ने बताया कि वह बाजार से अपने ई-रिक्शा द्वारा घर लौट रहा था कि जैसे ही वह लाला बगिया के पास पहुँचा, सामने से आ रहे आकाश गुप्ता से ई-रिक्शा की टक्कर हो गई। इसके बाद मिठाई लाल, मुन्ना लाल और शिवाशू ने उसे गालियाँ दीं तथा मुक्का-थप्पड़ और लाठी-डंडे से हमला किया। आरोप है कि उन्होंने ई-रिक्शा का आगे का शीशा तोड़कर वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। वहीं दूसरी घटना ग्राम कृपा पुरवा मलांव निवासी बनवारी लाल गुप्ता ने बताया कि उनका पुत्र आकाश गुप्ता उसी शाम दुकान से घर लौट रहा था कि धर्म नगर मार्ग स्थित लाला बगिया के पास रिंकू पुत्र शुकई के लाल रंग के ई-रिक्शा ने उसे तेज रफ्तार और लापरवाही से टक्कर मार दी, जिससे आकाश को गंभीर चोटें आईं। परसपुर थानाध्यक्ष अनुज त्रिपाठी ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।



