भगवंत मान को हटाकर पंजाब का सीएम बनना चाहते हैं अरविंद केजरीवाल,भाजपा विधायक का बड़ा दावा

नई दिल्ली।दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को करारी हार मिली है।मिली करारी हार के बाद पूर्व मुख्यमंत्री आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल मंगलवार को पंजाब के विधायकों के साथ दिल्ली में बैठक करने वाले हैं। इस पर दिल्ली राजौरी गार्डन से भाजपा विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।सिरसा ने अरविंद केजरीवाल पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए बड़ा दावा भी किया है।
भगवंत मान को सीएम पद से हटाने की कोशिश
भाजपा विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि चुनाव हारने के बाद अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में पंजाब के विधायकों की बैठक बुलाई है।रिपोर्ट्स बताती हैं कि वे भगवंत मान को अयोग्य बताकर उन्हें मुख्यमंत्री पद से हटाने की कोशिश कर रहे हैं।
पंजाब का सीएम बन सकते हैं केजरीवाल
मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि वे (केजरीवाल) महिलाओं को 1000 रुपये देने का अपना वादा पूरा करने में विफल रहे हैं,नशाखोरी पर लगाम लगाने में असफल रहे हैं।पंजाब की स्थिति को और खराब कर दिया है।सिरसा ने कहा कि अब अरविंद केजरीवाल भगवंत मान को हटाना चाहते हैं। अपने विधायकों से कहलवा रहे हैं कि केजरीवाल एक अच्छे आदमी हैं और उन्हें मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए।
कल दिल्ली के कपूरथला हाउस में बैठक
अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को पंजाब के सभी आप विधायकों को दिल्ली तलब किया है।केजरीवाल दिल्ली के कपूरथला हाउस में पंजाब के पार्टी के विधायकों के साथ बैठक करेंगे।इस दौरान दिल्ली में मिली चुनावी हार और पंजाब में आगे कैसे सरकार चलाई जाए इस पर चर्चा कर सकते हैं।
भाजपा के दावे पर अभी नहीं आई आप की प्रतिक्रिया
अब पंजाब के आप विधायकों संग अरविंद केजरीवाल की मीटिंग को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। इसमें भाजपा विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा ने दावा किया कि अब केजरीवाल पंजाब के सीएम बनना चाहते हैं। अभी भाजपा के इस दावे पर आप की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।