गोंडा : श्री गुरु गोविंद सिंह के प्रकाश उत्सव पर चार जनवरी को नगर में होगा विशेष आयोजन
करनैलगंज ,गोंडा : कर्नलगंज नगर के गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा में 4 जनवरी को श्री गुरु गोविंद सिंह जी के प्रकाश उत्सव के उपलक्ष्य में भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर कई दिनों से निकाली जा रही प्रभात फेरियों का आज पुष्प वर्षा के साथ समापन किया गया।
गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा के सचिव सरदार जोगिंदर सिंह जानी ने बताया कि नगर कीर्तन के दौरान गुरुद्वारा में विशेष शबद-कीर्तन दीवान का आयोजन होगा, जिसमें बाहर से आए रागी प्रचारक शबद-कीर्तन प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम में दोपहर 12:00 बजे से अटूट लंगर भंडारा शुरू किया जाएगा, जो अनवरत जारी रहेगा। इसके अलावा, पालकी साहिब के स्वागत के लिए नगर में सजावटी तोरण द्वार बनाए जाएंगे। सभी संबंधित कमेटी के पदाधिकारियों से आग्रह किया गया है कि वे स्वागत कार्यक्रम को नवीनतम ढंग से सफल बनाएं।
गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान पृथ्वी पाल सिंह, ज्ञानी वीरेंद्र सिंह, मनोहर सिंह छाबड़ा, डॉ. पुनीत सिंह, हरप्रीत सिंह वीनस, डॉ. गुरदीप सिंह, भूपेंद्र सिंह सलूजा, हरजीत सिंह, और मनदीप सिंह सहित सभी सेवादार साफ-सफाई और सजावट जैसे कार्यों पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। सभी भक्तों को गुरुद्वारा में आने के लिए आमंत्रित किया गया है।